Friday 3 August 2018

कायाकल्प - जीवन जीने की कला सिखाने का केंद्र



कायाकल्प-हिमालय के प्रांगण में बसा जीवन जीने की कला सिखाने का केंद्र | काया अर्थात् शरीर - जो सतत शीर्यमाण है | कल्प का वास्तविक अर्थ होता है बदलाव | 


जीवन शैली के निरंतर गिरते स्तर एवं खानपान की विसंगतियों के कारण शीर्यमाण   शरीर में क्षय-जन्य प्रभाव अपेक्षाकृत शीघ्र गति से होते हैं | परिणामवश अनेक रोगों का उद्भव होता है | जीवन शैली एवं आहार व्यवस्था को ठीक कर तथा योग द्वारा इस शारीरिक अपक्षय को कम करके आयु-जन्य प्रभाव को कम करना ही कल्प कहलाता है | सही मायनों में स्वस्थ जीवन शैली के सहयोग से रोग प्रतिरोध शक्ति को बढ़ा कर जहाँ तक संभव हो बीमारियों को शरीर से दूर रखना कायाकल्प का उद्देश्य है | 

शरीर वस्तुत: एक यंत्र है |  मानव शरीर की संरचना यांत्रिकी का उत्कृष्ट उदाहरण है | दैनिक प्रयोग से शरीर में अनेक प्रकार के अपक्षय होते हैं | इनकी क्षतिपूर्ति शरीर स्वयं करता है | इस कार्य के लिए एक स्वतंत्र प्रणाली का प्रावधान है शरीर में | आपातकाल अथवा रोगावस्था को जांचने का कार्य मस्तिष्क करता है | ऐसी परिस्थिति में रोग प्रतिरोधक तंत्र को निर्देशित कर यथासंभव रोकथाम की व्यवस्था की जाती है | रोगप्रतिरोध की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि अन्य शारीरिक गतिविधियों पर रोगी का कितना नियंत्रण है | क्यूंकि दैनंदिन अपक्षय की पूर्ती भी इसी तंत्र को करनी होती है | इसीलिए रोगी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए शारीरिक विश्राम महत्वपूर्ण होता है | रोग की अवस्था में शारीरिक अथवा मानसिक श्रम रोगप्रतिरोधक क्षमता के लिए घातक होता है | रोग को उत्तरोत्तर बल मिलता है | शारीरिक बल क्षीण होता है | उपचार की ऐसी व्यवस्था - कायाकल्प, जहाँ रोग के उपचार के साथ-साथ शारीरिक विश्राम तथा मानसिक शांति का भी प्रावधान है | 

प्राकृतिक उपचार, पंचकर्म, भौतिक चिकिसा एवं योग का अनूठा संगम - कायाकल्प | प्रकृति के आँचल में, पालमपुर नगर से 3 किलोमीटर दूर, कृषि विश्वविद्यालय के सामने विवेकानंद परिसर में 9 एकड़ विस्तार में अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं से सुसज्जित 90 बिस्तर का आयुष हस्पताल | हिमाचल प्रदेश का एकमात्र NABH तथा ISO9001:2015 प्रमाणित संस्थान होने का गौरव प्राप्त है | 

चिकित्सा सुविधा हेतु समर्पित निरामय तथा भोजन के लिए अन्नपूर्णा खंड का प्रावधान है | कायाकल्प में भोजन रोग एवं रोगी की अवस्था अनुरूप चिकित्सीय परामर्श अनुसार ही दिया जाता है | रहने के लिए बसेरा, निलय, निकेत, केतन एवं निकुंज के रूप में पांच विभिन्न श्रेणियों की अनुकूल व्यवस्था है | साधक अपनी क्षमता अनुसार उपलब्ध श्रेणियों में से आवासीय सुविधा का चुनाव कर सकते हैं | 

चिकित्सा खंड - निरामय में चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म एवं भौतिक चिकित्सा के लिए समर्पित विभाग हैं | प्राकृतिक चिकित्सा एवं पंचकर्म हेतु महिला तथा पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है | एक स्वतंत्र व्यायामशाला का भी प्रावधान निरामय में किया गया है | सामूहिक योग हेतु 'योग भवन' निरामय ब्लाक के प्रथम तल पर है | प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा प्रातः 6 बजे योग कक्षा का संचालन किया जाता है | 

ध्यान हेतु स्वतंत्र 'ध्यान मंदिर' की विशेष व्यवस्था है कायाकल्प में | सामूहिक निर्देशित ध्यान तथा एकल ध्यान हेतु समर्पित ध्यान कक्षों का निर्माण किया गया है | प्रकृति के सान्निध्य में बैठ कर ध्यान एवं मनन के लिए 'कानन - Oxygen Zone' में चीढ़ के वृक्षों की छाँव में ध्यान मंच बनाए गए हैं | साधक अपनी इच्छा अनुरूप इन सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं | 
ध्यान मंदिर 

कायाकल्प में वातावरण की सात्विकता बनाए रखने का विशेष प्रयास किया गया है | औषधीय वृक्षों का रोपण, नवग्रह वाटिका तथा 'गोकुल-गोशाला' का प्रावधान इसी निमित्त से किया गया है | साधकों को विशुद्ध गोदुग्ध की उपलब्धता हेतु भारतीय गोवंश पर आधारित 'गोकुल' का समावेश कायाकल्प का वैशिष्ट्य है | गीर, साहिवाल एवं थारपारकर कायाकल्प को नव उर्जा प्रदान करती हैं | अपार जन सहयोग द्वारा निर्मित कायाकल्प जन-स्वास्थ्य के लिए समर्पित संस्थान है | वयोवृद्ध व्यक्तियों के लिए ईलाज में 25% छूट का प्रावधान किया गया है | BPL सम्बंधित परिवारों के लिए भी चिकित्सा में 25% छूट प्रदान की जाती है | अन्त्योदय सम्बंधित लोगों के लिए निशुल्क चिकित्सा का प्रावधान ट्रस्ट द्वारा किया गया है | स्थानीय निवासियों के लिए नवम्बर माह से फरवरी माह तक इलाज में विशेष छूट प्रदान की जाती है | 

कायाकल्प में हमारा मुख्य ध्येय प्राकृतिक चिकित्सा, योग, पंचकर्म और ध्यान की पद्धतियों का प्रचार प्रसार कर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है |

अधिक जानकारी हेतु संपर्क करें: 01894-235666, 235676 | www.kayakalppalampur.in | info@kayakalppalampur.in 

No comments:

Post a Comment